बिहार के गया जिले से परिजनों की डांट से नाराज होकर एक किशोरी अलीगढ़ आ गई। गांधी पार्क बस स्टैंड पर किशोरी को घूमता देख पुलिस कर्मियों ने उसे पकड़ लिया और परिजनों को बुलाकर उनके सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के मुताबिक गया के मोहल्ला रामशिला निवासी 13 वर्षीय किशोरी को घर का काम न करने पर मां ने डांट दिया। मां की डांट से नाराज होकर किशोरी ट्रेन में बैठ गई और शुक्रवार की रात अलीगढ़ रेलवे स्टेशन आ गई। कुछ देर इधर-उधर घूमने के बाद गांधीपार्क बस स्टैंड पहुंच गई। वहां किशोरी को अकेले घूमता देख पुलिस कर्मियों को शक हुआ।
पुलिस कर्मी किशोरी को पुलिस चौकी लेकर आ गए। पूछताछ में किशोरी ने बताया कि वह घर से नाराज होकर ट्रेन में बैठ गई थी। किशोरी के बताए के मोबाइल नंबर पर पुलिस कर्मियों ने परिजनों से संपर्क किया और उन्हें किशोरी के अलीगढ़ आने की जानकारी दी। इस पर परिजन अलीगढ़ आ गए। किशोरी को देख परिजनों ने राहत की सांस ली। परिजन किशोरी को लेकर विहार चले गए।
