उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने PCS मेंस परीक्षा 2025 का परिणाम जारी कर दिया है। मुख्य परीक्षा में शामिल अभ्यर्थी अब अपनी स्थिति जांच सकते हैं। यह परीक्षा 29 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक प्रयागराज और लखनऊ में आयोजित की गई थी।
मुख्य परीक्षा में कुल 10,284 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इनमें से 2,297 अभ्यर्थियों को अगले चरण यानी इंटरव्यू के लिए अस्थायी रूप से सफल घोषित किया गया है। आयोग ने सफल अभ्यर्थियों की सूची रोल नंबर के आधार पर जारी की है।
इंटरव्यू की प्रक्रिया 28 सितंबर 2026 से शुरू होगी और 24 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। कुल 19 कार्यदिवसों में दो पालियों में साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। पहली पाली सुबह 9:30 बजे और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से होगी।
आयोग के अनुसार, 28 प्रकार के कुल 814 पदों पर भर्ती के लिए इंटरव्यू होना है। इनमें 812 पदों के लिए 2297 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए सफल घोषित किया गया है। अभ्यर्थियों का साक्षात्कार उनके रोल नंबर के अनुसार निर्धारित कार्यक्रम के तहत होगा।
इंटरव्यू लेटर और जरूरी दिशा-निर्देश 22 सितंबर 2026 से उपलब्ध कराए जाएंगे। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट से अपना इंटरव्यू लेटर डाउनलोड कर सकेंगे और निर्धारित तारीख व समय पर साक्षात्कार में शामिल होना होगा।
