उत्तर प्रदेश के प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। उनका दैनिक ड्यूटी भत्ता 500 रुपये से बढ़ाकर 600 रुपये कर दिया गया है। इस संबंध में शासनादेश जारी हो चुका है और अगले महीने से जवानों को बढ़े हुए भत्ते के आधार पर भुगतान मिलेगा।
भत्ते में 100 रुपये प्रतिदिन की बढ़ोतरी की गई है। अगर कोई जवान महीने में 30 दिन ड्यूटी करता है तो उसे पहले की तुलना में 3,000 रुपये अधिक मिलेंगे। नई व्यवस्था शासनादेश जारी होने की तारीख से लागू मानी गई है
इसके साथ ही पीआरडी जवानों और उनके आश्रित परिवार के सदस्यों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा भी शुरू की गई है। इसके तहत प्रति परिवार हर साल पांच लाख रुपये तक का इलाज कैशलेस तरीके से कराया जा सकेगा। यह सुविधा सरकारी अस्पतालों के साथ संबंधित निजी अस्पतालों में भी उपलब्ध होगी।
इस योजना के लिए सरकार प्रति पीआरडी जवान 3,000 रुपये सालाना प्रीमियम का खर्च उठाएगी। वर्तमान में करीब 31,130 पीआरडी स्वयंसेवक कार्यरत हैं, जिनके लिए लगभग 9.34 करोड़ रुपये के बीमा प्रीमियम की व्यवस्था की गई है। वहीं स्वीकृत पदों के आधार पर सभी पात्र जवानों को शामिल करने पर सालाना खर्च करीब 26.17 करोड़ रुपये अनुमानित है।
कैशलेस चिकित्सा सुविधा के लिए संबंधित वित्तीय वर्ष में कम से कम तीन महीने ड्यूटी करना जरूरी होगा। जो जवान पहले से आयुष्मान भारत या किसी अन्य सरकारी स्वास्थ्य योजना के दायरे में हैं, उन्हें इस नई योजना का लाभ नहीं मिलेगा। यह चिकित्सा सुविधा पीआरडी में सेवा रहने तक ही उपलब्ध रहेगी।
