बसपा सुप्रीमो मायावती ने भारत जोड़ो यात्रा के लिए राहुल गांधी को शुभकामनाएं देकर भाजपा खेमे में हलचल पैदा कर दी है। उन्होंने कहा है कि इस यात्रा में शामिल होने के लिए लिखी गई चिट्ठी के लिए राहुल को धन्यवाद भी दिया है। हालांकि मायावती ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि वह इस यात्रा में शामिल होंगी अथवा नहीं या अपने किसी प्रतिनिधि या बसपा पदाधिकारियों को इस में भेजेंगी अथवा नहीं।
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के लिए राहुल गांधी ने बसपा सुप्रीमो मायावती, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, सुभासपा ओमप्रकाश राजभर, रालोद प्रमुख जयंत चौधरी आदि तमाम नेताओं को आमंत्रित किया है । इस यात्रा से में शामिल होने से हालांकि ये तमाम विपक्षी दल दूरी बना रहे हैं लेकिन मायावती ने पत्र लिखकर राहुल गांधी को इस यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने ट्वीट कर पत्र लिखने के लिए राहुल गांधी का आभार जताया । विदित हो कि तीन जनवरी को यह यात्रा उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर रही है। गाजियाबाद,  लोनी, बागपत, शामली होते हुए यात्रा सोनीपत की तरफ रवाना हो जाएगी। यूपी में इस यात्रा पर सबकी नजर है। मायावती की इस शुभकामना के सियासी मायने भी निकाले जा रहे हैं।

दरअसल ओबीसी आरक्षण को मायावती भाजपा और सपा के साथ साथ कांग्रेस पर भी लगातार हमले बोल रही हैं। बावजूद इसके जिस तरह से उन्होंने राहुल गांधी को शुभकामनाएं दी हैं उससे माना जा रहा है कि यह आगे की तैयारी है। मायावती ने रास्ते बंद नहीं किए हैं और भाजपा को भी यह संदेश देने की कोशिश की है कि इस यात्रा की भूमिका कम नहीं है। वह इस यात्रा के विरोध में भी नहीं हैं। वैसे उन्होंने इस यात्रा में शामिल होने की बात नहीं की है और इसकी उम्मीद भी कम ही है कि बसपा इस यात्रा में शामिल होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *