उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक तांत्रिक ने किसान परिवार को घर के नीचे सोना गड़ा होने का झांसा देकर उनसे चार लाख रुपये ठग लिए। जानकारी के मुताबिक तांत्रिक ने किसान से कहा कि उसके घर के नीचे खजाना है जिसे वो अपनी मंत्रों की शक्ति से निकाल देगा। किसान परिवार उसके झांसे में आ गया और तांत्रिक को चार लाख रुपये दे दिए। पीड़ित किसान ने एसएसपी से मामले की शिकायत की है जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस को दी शिकायत में किसान ने बताया कि कुछ समय पहले एक तांत्रिक उनके घर आया और भूखा होने की बात कहकर खाना मांगने लगा। उन्होंने तांत्रिक को खाना खिला दिया और वो चला भी गया लेकिन थोड़ी देर बाद वो वापस आया और कहने लगा कि उनके घर के नीचे उल्लू के नाखून और ताबीज गड़े हैं। उसने कहा कि परिवार को जान का खतरा है। इसके बाद किसान के परिवार के कुछ लोगों की तबीयत खराब हुई तो उन्होंने उसी तांत्रिक को बुलाया। तांत्रिक ने जमीन खोदकर नाखून और ताबीज जैसी कोई चीज जमीन से निकाली। इससे सबको तांत्रिक की बात पर विश्वास हो गया।

इसके बाद तांत्रिक ने कहा कि आपके घर के नीचे सोना दबा हुआ है। तांत्रिक ने पूजा-पाठ के नाम पर परिवार से चार लाख रुपये ऐठे और भाग खड़ा हुआ। पीड़ित परिवार को जब महसूस हुआ कि उनके साथ ठगी की गई है तो वो फौरन पुलिस के पास पहुंचे और मामला दर्ज करवाया। डिलारी पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *