उत्तर प्रदेश में शासन ने देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पांच आईएएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। इस बदलाव में जालौन और बहराइच के जिलाधिकारी भी शामिल हैं। तबादलों के आदेश शासन स्तर से जारी किए गए हैं।
जालौन के जिलाधिकारी रहे राजेश कुमार पाण्डेय को अब बहराइच का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में विशेष सचिव के पद पर तैनात समीर को जालौन का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा झांसी की नगर आयुक्त आकांक्षा राना का तबादला कर उन्हें आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। बाराबंकी के मुख्य विकास अधिकारी बी. सूदन को झांसी नगर निगम का नगर आयुक्त बनाया गया है।
मुरादाबाद विकास प्राधिकरण के सचिव पंकज वर्मा को बाराबंकी का मुख्य विकास अधिकारी नियुक्त किया गया है। इस तरह एक साथ पांच अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है।
यह प्रशासनिक फेरबदल ऐसे समय हुआ है जब प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां भी तेज हो रही हैं। चुनाव आयोग की ओर से कई जिलों में ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच और अधिकारियों की ट्रेनिंग की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। ऐसे में जिलों में प्रशासनिक जिम्मेदारियों में हुए बदलाव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
