उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां अपने बेटे को रेलवे ट्रैक से बचाने की कोशिश में 46 वर्षीय महिला की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना गुरुवार देर शाम कोतवाली क्षेत्र के इंदिरा मिल रेलवे क्रॉसिंग के पास हुई। मृतका की पहचान शिव कुमारी के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, महिला अपने बड़े बेटी से मिलने एक निजी नर्सिंग होम गई थी, जहां हाल ही में उसकी बेटी ने बच्चे को जन्म दिया था। उसका 20 वर्षीय बेटा भी उसके साथ गया था। वहां बेटे ने अपनी मां से पैसे मांगे, लेकिन मां ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ और बेटा वहां से निकलकर रेलवे ट्रैक की ओर चला गया।


बताया गया कि बेटा पहले से शराब के नशे में था और ट्रेन के सामने जाने की बात कहकर रेलवे ट्रैक की तरफ भागा। उसकी मां भी उसके पीछे दौड़ते हुए ट्रैक तक पहुंच गई। इसी दौरान सामने से ट्रेन आती देख महिला ने अपने बेटे को ट्रैक से दूर धकेल दिया, लेकिन खुद ट्रेन की चपेट में आ गई। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका बेटा घायल हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी हालत को देखते हुए उसे वाराणसी के बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *