बारहवीं की छात्रा ने शुक्रवार दोपहर पेपर खराब हो जाने से दुखी होकर फांसी लगा ली। शाम को उसका शव परिवार के लोगों ने देखा। शनिवार को उसका आखिरी पेपर था। सूचना मिलने पर प्रेमनगर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

थाना प्रेमनगर के खाती बाबा मोहल्ला निवासी मुकेश ठाकुर की तीन बेटियों में सबसे छोटी बेटी तान्या (17) उर्फ तनु बारहवीं की छात्रा थी। वह निर्मला कान्वेंट स्कूल में पढ़ती थी। इन दिनों उसका यूपी बोर्ड का पेपर चल रहा था। पिता मुकेश वेल्डिंग का काम करते हैं। 

परिजनों के मुताबिक तान्या के अंग्रेजी और गणित के पेपर खराब हुए थे। इससे वह दुखी थी। परिवार के लोगों ने उसे काफी समझाया-बुझाया। शनिवार को रसायन विज्ञान का पेपर था। दोपहर को तान्या अपने कमरे में पढ़ने की बात कहकर गई थी। शाम को जब उसकी बड़ी बहन ने दरवाजा खटखटाया तब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। खिड़की से देखने पर उसका शव फंदे में लटका दिखा। बहन ने मां को भी बुला लिया। बेटी को फंदे से लटका देख मां की चीख निकल गई। पड़ोस के लोग भी जुट गए। 

प्रेमनगर पुलिस भी मौके पर आ गई। पुलिस ने शव को नीचे उतारा। प्रेमनगर इंस्पेक्टर आनंद कुमार के मुताबिक परिजनों ने परीक्षा में पेपर खराब होने की बात बताई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

परीक्षा आरंभ होने से पहले ही तनाव में थी तान्या
परिजनों का कहना है कि परीक्षा आरंभ होने से पहले ही तान्या तनाव में थी। तान्या पढ़ने में सामान्य थी लेकिन, अक्सर परीक्षा के समय घबरा जाती थी। परिवार के लोगों ने परीक्षा आरंभ होने से पहले उसे काफी समझाया लेकिन, वह सामान्य नहीं हो पा रही थी। पेपर खराब होने के बाद से वह परेशान रहने लगी थी। उसकी मौत के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *