उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर स्थित सिविल लाइन थाने में शनिवार को आए एक अनोखे मामले ने पुलिस को भी चकरा दिया। मामला साइबर ठगी से जुड़ा था। जब कोई समाधान नजर नहीं आया तो पुलिसकर्मियों ने पीड़ित को फटकार कर लौटा दिया।
मूलरूप से बुलंदशहर निवासी युवक सिविल लाइन थाना क्षेत्र के सुभाष नगर में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई कर रहा है। उसने बताया कि 10 अक्तूबर को उसने अपने मकान मालिक को किराया ऑनलाइन उनके मोबाइल नंबर पर ट्रांसफर किया।
बाकायदा उसने पहले फोन नंबर पर बात की और फिर रुपये ट्रांसफर किये। हाल ही में मकान स्वामी का किराये के लिए फोन आया। उसने जब उन्हें बताया कि वह किराया ऑनलाइन ट्रांसफर कर चुका है तो मकान मालिक हैरान रह गए। उन्होंने बताया कि जिस मोबाइल नंबर का युवक जिक्र कर रहा है, वह किसी बैंक एकाउंट में नहीं जुड़ा है।
वह दोनों शिकायत लेकर थाने आ गये। बताया जाता है कि पुलिसकर्मियों ने मदद करने के बजाए दोनों को कानूनी कार्रवाई का डर बिठाकर लौटा दिया। युवक को अंदेशा है कि मकान मालिक के नंबर पर किसी फ्रॉड ने अपना बैंक एकाउंट अटैच करा लिया है। वह जल्द साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराएगा।
