उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में दिल दहलाने वाली वारदात सामने आई है। माधोटांडा थाना क्षेत्र में दबंग युवकों ने एक 16 वर्षीया दलित किशोरी से उसके घर में घुसकर सामूहिक बलात्कार किया और उस पर डीजल डालकर आग लगा दी। लड़की को गंभीर रूप से झुलसी हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार प्रभु ने रविवार को संवाददाताओं को बताया कि सात सितंबर को जिला अस्पताल में एक युवती को गंभीर रूप से जली हालत में उसके परिजनों ने भर्ती कराया था। पीड़िता के पिता ने 10 सितंबर को माधोटांडा पुलिस को सूचना दी कि उसके गांव के दो दबंग युवकों राजवीर और ताराचंद ने घर में घुसकर उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया और डीजल छिड़ककर उसे आग लगा दी।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सूचना मिलने पर वह तत्काल किशोरी के गांव पहुंचे और पूरे मामले की खुद तहकीकात की। उन्होंने बताया कि परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ बलात्कार, हत्या के प्रयास और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक के आदेश पर उप जिलाधिकारी (सदर) योगेश कुमार गौड़ जिला राजकीय संयुक्त चिकित्सालय पहुंचे और उन्होंने किशोरी का बयान दर्ज किया। आग से जली किशोरी की हालत अभी गंभीर बनी हुई है। दुष्कर्म के आरोपी माधोटांडा थाना क्षेत्र के रहने वाले राजवीर व ताराचंद को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *