यूपी के संभल जिले की सदर कोतवाली क्षेत्र में 31 अगस्त की रात दो मंजिला मकान से कूदकर फरार हुई तीन महीने पहले ब्याह कर लाई गई नई नवेली दुल्हन को पुलिस मध्य प्रदेश के ग्वालियर से खोजकर ले आई। दुल्हन जिस युवक के साथ गई थी पुलिस उसे भी पकड़कर ले आई है। पुलिस ने दुल्हन का मेडिकल परीक्षण कराया है। दुल्हन के बयान दर्ज होने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।
शहर के हल्लू सराय निवासी अंकुश ठाकुर की शादी तीन महीने पहले मध्यप्रदेश के शिवपुरी निवासी वैशाली के साथ हुई थी। वैशाली 31 अगस्त की रात को अपने दो मंजिला मकान से कूदकर फरार हो गई थी। अंकुश ठाकुर के परिजनों ने आरोप लगाया था कि वैशाली अपने पति को दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर नशा हो जाने पर शिवपुरी के युवक हर्ष शर्मा के साथ चली गई थी।
वैशाली पर घर में रखे 70 हजार रुपये और जेवर ले जाने का भी आरोप लगाया था। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घर से भागी दुल्हन और उसे ले जाने वाले युवक को तलाशना शुरू किया। पुलिस ने बुधवार की रात में वैशाली और उसके साथी हर्ष शर्मा को मध्य प्रदेश के ग्वालियर से पकड़ लिया। पुलिस गुरुवार की सुबह दोनों को लेकर संभल कोतवाली आ गई। सूचना पाकर अंकुश ठाकुर के परिजन भी थाने पहुंच गए।
अदालत में दर्ज होंगे दुल्हन के बयान
पुलिस ने मध्यप्रदेश से लाई गई दुल्हन को मेडिकल परीक्षण के लिए गुरुवार को असमोली सीएचसी पर भेजा था। मेडिकल के बाद पुलिस महिला के बयान दर्ज करायेगी। दुल्हन के बयानों से ही तय होगा कि इस मामले में क्या कार्रवाई होगी। कोतवाल ओमकार सिंह ने बताया कि दुल्हन वैशाली और उसे साथी हर्ष शर्मा को पकड़कर ले आए हैं। दुल्हन के मेडिकल परीक्षण और कोर्ट में बयान दर्ज कराने के बाद अग्रिम कार्रवाई होगी।
आसान नहीं होगा आरोप साबित करना
पति अंकुश और उसके परिवार के लोगों ने आधी रात को दो मंजिले मकान से कूदकर भागी दुल्हन पर दूध में नशीला पदार्थ मिलाकर परिवार के लोगों को पिलाकर नकदी और जेवर लेकर प्रेमी के साथ फरार हो जाने के आरोप लगाये थे। अब जबकि दुल्हन आ गई है तो परिवार के सामने इन आरोपों को साबित करने की चुनौती आयेगी।
छत से कूदते समय दुल्हन के पैर में आया फ्रैक्चर
पति का घर छोड़कर भागने के लिए कुछ कर गुजरने का इरादा कर नव विवाहिता दो मंजिले मकान से कूद तो गई, लेकिन ऊंचाई से कूदने की वजह से उसके पैर में फ्रैक्चर आया है। नव विवाहिता गुरुवार को मेडिकल परीक्षण के लिए सरकारी अस्पताल गई तो उसके पैर में पट्टी बंधी थी।
