मुजफ्फरनगर जिले की खतौली विधानसभा सीट पर भाजपा ने अभी अपना प्रत्याशी घोषित नहीं किया है। इससे पहले जयंत चौधरी ने अपनी चाल चलते हुए पत्ते खोल दिए हैं। रालोद ने रविवार को खतौली विधानसभा से पूर्व विधायक मदन भैया को प्रत्याशी घोषित कर दिया है। रालोद के प्रदेश संगठन मंत्री चौधरी यशवीर सिंह ने मदन भैया को प्रत्याशी घोषित किए जाने की पुष्टि की है। 

रविवार को रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी खतौली विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर थे। इस दौरान मदन भैया उनके साथ रहे। दिन में तीन सभाओं के बाद शाम को पार्टी ने मदन भैया को प्रत्याशी घोषित कर दिया। मदन भैया इससे पूर्व खेकड़ा सीट से चार बार विधायक रह चुके हैं। वह निर्लदीय के साथ जनता पार्टी, सपा और रालोद के टिकट पर चुनाव लड़ चुके हैं। उनकी छवि तेजतर्रार नेताओं में होती रही है। गुर्जर बिरादरी से होने के कारण उनको गुर्जर वोटों के साथ जाट और मुस्लिम वोटों के समीकरण के आधार पर रालोद-सपा गठबंधन ने मैदान में उतारा है। 

गुर्जर समाज से करतार सिंह भड़ाना भी रालोद प्रत्याशी के तौर पर टिकट के दावेदारों में शामिल बताए जा रहे थे। 2022 के विधानसभा चुनाव में करतार सिंह भड़ाना बसपा के टिकट पर चुनाव लड़े थे। करतार सिंह भड़ाना को 30 हजार से अधिक वोट मिले थे और वह तीसरे नंबर पर रहे थे। माना जा रहा है कि इन्हीं कारणों से रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी ने पूर्व विधायक मदन भैया पर भरोसा जताते हुए उनको खतौली विधानसभा उपचुनाव का प्रत्याशी घोषित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *