उत्तर प्रदेश की कानपुर पुलिस ने गैंगस्टर के मामले में समाजवादी पार्टी (सपा) विधायक इरफान सोलंकी और उनके भाई रिजवान सोलंकी के स्वर्ण जयंती विस्तार योजना पार्ट वन के अंतर्गत चार भूखंड मंगलवार सीज कर दिये। जब्त किये गये भूखंडो की अनुमानित कीमत करीब आठ करोड़ रूपये आंकी गयी है।

पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए जब्त भूखंडों पर सरकार के स्वामित्व के बोर्ड लगा दिया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि स्वर्ण जयंती विहार कालोनी में भारी पुलिस फोर्स पहुंची। सीलिंग की कार्रवाई करने से पहले पुलिस ने डुगडुगी पिटवाकर अनाउंसमेंट करवाया। इसके बाद अधिकारियों ने स्वर्ण जयंती विस्तार योजना पार्ट वन के अंतर्गत चार प्लॉट सीज किया। सीज करने के बाद पुलिस ने सरकार के स्वामित्व के बोर्ड लगा दिया है।

ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर आनंद प्रकाश तिवारी ने बताया कि पुलिस, पीएसी और आरएएफ की मौजूदगी में सीलिंग की कार्रवाई की गई। आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी। किसी प्रकार की कोई गडबडी न हो, इसके लिए मौके पर भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। पुलिस ने करीब एक किमी तक पैदल मार्च भी किया

जाजमऊ की डिफेंस कालोनी निवासी नजीर फातिमा ने सात नवंबर को विधायक इरफान सोलंकी व उसके भाई रिजवान सोलंकी पर मुकदमा दर्ज करवाया था। पुलिस ने एक महीने के भीतर इरफान के खिलाफ एक के बाद एक गैंगस्टर एक्ट समेत आठ मुकदमे दर्ज किए थे। इसमें दो में चार्जशीट दाखिल हो गई है।

छह मामलों में चार्जशीट अंतिम पड़ाव में है। पुलिस 10 फरवरी तक उन मामलों में भी चार्जशीट दाखिल कर देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *