उत्तर प्रदेश के कासगंज में प्रेमिका से बिछड़ने के महज दो दिन बाद रविवार की रात युवक का शव पेड़ पर लटका मिला। लोगों ने देखा तो परिजन को सूचना दी। जानकारी मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करके जानकारी जुटाई। मृतक के पिता ने हत्या की आशंका व्यक्त की है।

मामला सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के नगला अब्दाल गांव का है। गांव निवासी शिवकुमार (26) पुत्र पप्पू, दिल्ली में रहकर कपडे़ की फेरी लगाने का काम करता था। रविवार की रात उसका शव गांव से तीन किमी दूर कीकड़ के पेड़ पर लटका मिला। खबर मिली तो परिजन रोते बिलखते पहुंचे गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण करके साक्ष्य जुटाया।

पिता पप्पू ने बताया कि शिवकुमार का प्रेम-प्रसंग एक युवती से चल रहा था। उसका विवाह कुछ वर्ष पूर्व हो गया है। उसके तीन बच्चे भी हैं। इसके बाद भी विवाहिता बीते पांच माह से अपनी ससुराल छोड़कर शिवकुमार के साथ दिल्ली में रह रही थी। लेकिन, अभी दो दिन पूर्व वह अपने पति के साथ दिल्ली से चली आई। इस पर उसका बेटा भी दिल्ली से आ गया था। लेकिन, वह घर नहीं पहुंचा। 

अब उसका शव पेड़ पर लटका मिला है। पिता ने अपने बेटे की हत्या किए जाने की बात कही है। कहा कि विवाहिता के परिजन उसे लगातार धमकियां दे रहे थे। सीओ पटियाली विजय राणा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल सकेगा। आरोपों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *