फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में विवाहिता ने ससुरालियों पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने और पिटाई करने के साथ ही पति पर अश्लील वीडियो बनाकर अतिरिक्त दहेज के लिए ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। पिटाई में घायल हुई विवाहिता को परिजनों ने जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गई है।

थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव बुढ़रई निवासी व्यक्ति ने दो वर्ष पूर्व अपनी पुत्री का विवाह थाना खैरगढ़ क्षेत्र के अंतर्गत गांव हाथवंत में साहिल के साथ किया था। बृहस्पतिवार की रात विवाहिता को परिजन ने पुलिस की मदद से जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया है। जहां विवाहिता ने पति समेत हाथवंत के प्रधान एवं सास पर गंभीर आरोप लगाए हैं। चिकित्सालय में भर्ती विवाहिता ने बताया कि शादी के बाद उसके पति ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया। जिसके बाद ससुरालीजन लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहे थे।

मांग पूरी न होने पर सास, हाथवंत प्रधान मोरध्वज एवं पति समेत अन्य ने उसके साथ पिटाई की। आरोप है कि पति ने चाकुओं से विवाहिता के शरीर पर वार किए। परिजन ने तत्काल ही पुलिस नियंत्रण कक्ष को घटना से अवगत कराया। जिसके बाद विवाहिता को परिजनों द्वारा उपचार के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। 

वहीं हाथवंत प्रधान मोरध्वज ने बताया कि शादी के कुछ दिनों बाद से ही विवाहिता अपने मायके में रह रही है। अश्लील वीडियो विवाहिता के मोबाइल से ही बना है। इसका पूर्व में पंचायत में फैसला भी हुआ था। परिवार परामर्श केंद्र फिरोजाबाद में भी मामला पहुंचा था। जहां अभी कुछ ही दिनों पूर्व दोनों पक्षों को बुलाया गया था। अब विवाहिता ने मनगढ़ंत कहानी बनाई है। मुझे फंसाने के लिए यह एक राजनीतिक षडयंत्र है। महिला के सभी आरोप पूरी तरह निराधार हैं।

सीओ प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि विवाहिता द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की गंभीरता से जांच कराई जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच के बाद उचित वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *