गांधी-जेपी की विरासत के नाम से मशहूर सर्व सेवा संघ की ओर से गुरुवार को वाराणसी के शास्त्री घाट पर जनप्रतिरोध सभा हुई। इसमें किसान नेता राकेश टिकैत भाजपा पर जमीन लूटने वाली पार्टी का आरोप लगाते हुए कहा कि जरूरत पड़ी तो ट्रैक्टर बनारस भी आ जाएगा। टिकैत ने कहा कि हमारे पूर्वजों की कोशिशों से बना यह संस्थान धरोहर है। अबकी बार सर्दी में सड़क को गर्म करना होगा।

सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटकर ने कहा कि आज महात्मा गांधी के सत्याग्रह की सबसे ज्यादा जरूरत है। अगर गंगा को बचाना चाहते हैं तो सर्व सेवा संघ को बचाना होगा। ये मजदूर किसान पर हमला है। इसके खिलाफ लड़ाई जारी रहेगी।

सामाजिक कार्यकर्ता योगेंद्र यादव ने कहा संसद बहुत बड़ी है पर संसद से बड़ी सड़क है। बनारस में गांधी की विरासत सर्व सेवा संघ 70 साल से मौजूद है। सरकार कहती है संघ ने कब्जा कर रखा है। यह गैरकानूनी है। सवाल जमीन का नहीं गांधी की विरासत का है। वरिष्ठ गांधीवादी कुमार प्रशांत ने कहा कि आज गंगा के किनारे हम सब लोग देश के अलग-अलग जगह से यहां आए हैं। इतने लोगों की मौजूदगी इस बात को दर्शाती है कि बनारस में सरकार कितना गलत कर रही है।

रामधीरज ने कहा कि बनारस में जमीन का अधिग्रहण नहीं बल्कि लूट हो रही है। पूर्व विधायक पंकज पुष्कर ने कहा ये हमला एक बड़ा सबक है। रंजू सिंह ने कहा कि कोई भी आंदोलन महिलाओं के बिना अधूरा है। इस सभा में यूपी के भी प्रमुख जिलों से सामाजिक कार्यकर्ता आए।

प्रेरणा कला मंच की रंगकर्मी टीम ने जनवादी गीत गाए। सभा में अरुंधति धुरु, फैसल, अफलातून भाई, चंदन पाल, डॉ. सुनीलम, प्रो. आनंद कुमार, आशा भोथरा, फिरोज मिठिबोलवाला आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *