नई दिल्ली: एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के हिजाब पहनने वाली महिला के एक दिन प्रधानमंत्री बनने संबंधी बयान पर सियासी हलकों में तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इस मुद्दे पर भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री बनने का सपना फिलहाल सपना ही रहने वाला है। पहले वह अपनी पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष किसी हिजाब पहनने वाली महिला को बनाकर दिखाइए।

भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने ओवैसी पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि दुनिया के कई मुस्लिम देशों में महिलाएं प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति रह चुकी हैं, लेकिन उनमें से कितनी महिलाओं को बुर्का पहने देखा गया है, यह एक बड़ा सवाल है।

उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि बांग्लादेश में बेगम खालिदा जिया और शेख हसीना दोनों प्रधानमंत्री रह चुकी हैं, लेकिन वे आमतौर पर बुर्के में नजर नहीं आईं। इसी तरह उन्होंने पाकिस्तान की पूर्व प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो और इंडोनेशिया की पूर्व प्रधानमंत्री मेघावती सुकर्णोपुत्री का भी जिक्र करते हुए कहा कि इन उदाहरणों से ओवैसी के बयान की वास्तविकता पर सवाल खड़े होते हैं।

सुधांशु त्रिवेदी ने आगे कहा कि ओवैसी को यह स्पष्ट करना चाहिए कि उनका मुस्लिम परंपरा को लेकर जो नजरिया है, वह पैगंबर मोहम्मद के वंश से कैसे मेल खाता है और सऊदी अरब तथा जॉर्डन जैसे देशों के शाही परिवार, जो खुद को उस वंशावली से जोड़ते हैं, उसमें कहां फिट बैठते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन परंपराओं की बात ओवैसी कर रहे हैं, वे दुनिया के बड़े मुस्लिम देशों में भी देखने को नहीं मिलतीं, लेकिन भारत में इसी मुद्दे पर सियासत की जा रही है।

भाजपा सांसद ने तंज कसते हुए कहा कि प्रधानमंत्री बनने का सपना फिलहाल सपना ही रहेगा। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि पहले हकीकत में कुछ करके दिखाइए और अपनी पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष किसी हिजाब पहनने वाली महिला को बनाकर दिखाइए, तब यह समझ में आएगा कि ओवैसी की बातों में कितनी सच्चाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि ओवैसी की राजनीति में मुस्लिम महिलाओं के प्रति वास्तविक संवेदना कम और राजनीतिक स्वार्थ अधिक नजर आता है।

इस दौरान सुधांशु त्रिवेदी ने अखिलेश यादव के एसआईआर को लेकर दिए गए बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की स्थिति इस मुद्दे पर बेहद उलझी हुई है। कभी कहा जाता है कि भाजपा के वोट कट रहे हैं, कभी कहा जाता है कि विपक्ष के वोट कट रहे हैं और अब कहा जा रहा है कि एसआईआर वोट जोड़ने के लिए है।

उन्होंने कहा कि एक दिन विपक्ष दावा करता है कि उनके कार्यकर्ताओं ने अपने वोट सुरक्षित कर लिए हैं और अगले दिन आरोप लगाया जाता है कि भाजपा अपने वोट पक्के कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि न किसी के वोट कट रहे हैं और न ही किसी के वोट जुड़ रहे हैं।

यह पूरी तरह एक संवैधानिक प्रक्रिया है, जिसे तकनीकी और व्यावसायिक दक्षता के साथ पूरा किया जा रहा है। सुधांशु त्रिवेदी ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि उनकी स्थिति ऐसी हो गई है कि “पलभर में तोला और पलभर में माशा” जैसी हो गई है। उन्होंने विपक्षी दलों से अपील की कि वे इस प्रक्रिया में भ्रम फैलाने के बजाय गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *