बांग्लादेश में हिंदू समुदाय के खिलाफ बर्बरता का एक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। झेनैदाह जिले के कालीगंज इलाके में एक हिंदू विधवा महिला के साथ सामूहिक बलात्कार किया गया। आरोपियों ने न सिर्फ महिला के साथ गैंगरेप किया, बल्कि उसे पेड़ से बांधकर उसके बाल भी काट दिए। इस अमानवीय कृत्य का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।

पीड़िता की उम्र करीब 40 साल बताई जा रही है। संगबाद प्रतिदिन की रिपोर्ट के अनुसार, महिला ने पुलिस को बताया कि करीब ढाई साल पहले उसने शाहिन और उसके भाई से 20 लाख टका में जमीन समेत एक दो मंजिला मकान खरीदा था। इसके बाद से ही मुख्य आरोपी शाहिन की उस पर बुरी नजर थी। शाहिन ने कई बार उसे गलत प्रस्ताव दिए, लेकिन महिला ने हर बार इनकार किया।

पीड़िता के मुताबिक, इनकार के बाद शाहिन उसे लगातार परेशान करने लगा। शनिवार शाम शाहिन अपने साथी हसन के साथ जबरन उसके घर में घुस आया और दोनों ने मिलकर उसके साथ बलात्कार किया। आरोपियों ने उसी दौरान महिला से 50 हजार टका की मांग भी की।

घटना के समय महिला के गांव से दो रिश्तेदार उसके घर आए हुए थे। आरोप है कि जब महिला ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने रिश्तेदारों के साथ मारपीट कर उन्हें भगा दिया। इसके बाद महिला को पेड़ से बांधकर उसके बाल काट दिए गए और इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया गया।

पुलिस के अनुसार, इस अमानवीय यातना के बाद महिला बेहोश हो गई। स्थानीय लोगों ने उसे गंभीर हालत में देखा और घायल अवस्था में झेनैदाह सदर अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के बाद होश में आने पर महिला को थाने बुलाया गया, जहां उसका बयान दर्ज किया गया है।

झेनैदाह पुलिस ने पुष्टि की है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। इस घटना ने एक बार फिर बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *